बरेली। सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को नई पहचान दिलाने वाली एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। बरेली जनपद के बहेड़ी विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय सहजनी के प्रभारी राजीव सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरित एवं स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार-2026 के तहत सम्मानित किया। यह सम्मान वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया, जहां शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
राजीव सिंह के नेतृत्व में प्राथमिक विद्यालय सहजनी ने राष्ट्रीय स्तर पर 29वां स्थान प्राप्त किया है, जबकि उत्तर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल कर बरेली जनपद और पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि यदि समर्पण, नवाचार और टीमवर्क के साथ कार्य किया जाए तो सरकारी विद्यालय भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राजीव सिंह ने इस सफलता का श्रेय केवल स्वयं को नहीं दिया, बल्कि विद्यालय के पूरे स्टाफ और ग्रामीण समुदाय को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक अमित राणा, डॉ. कविन्द्र सिंह, मिथुन राय, जितेंद्र सिंह तोमर तथा विद्यालय के अभिभावकों और ग्रामीणों के सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। सभी ने मिलकर विद्यालय को स्वच्छ, हरित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए।
इस अवसर पर वाराणसी में आयोजित समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अन्य शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ और हरित विद्यालय न केवल बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव रखते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम भी बनते हैं।
राजीव सिंह की इस उपलब्धि पर बरेली में खुशी का माहौल है। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि रवि मल्होत्रा, जिला पंचायत सदस्य चौधरी ओमवीर सिंह, सभासद महेश शर्मा, भाजपा नगराध्यक्ष राहुल गुप्ता, शिक्षक संघ के अफजाल अहमद, चंद्रेश्वर दीपक, महेन्द्र गंगवार तथा केदार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे जनपद के लिए गर्व का क्षण बताया।

0 Comments